कबड्डी विश्वकप के ग्रुप बी के मुकाबले में जापान ने अमेरिका को हराकर अपने अभियान की विजयी शुरूआत की है। मैच के पहले हाफ में जापान ने शुरुआती 7 मिनट तक अमेरिकी टीम को खाता भी नहीं खोलने दिया। आठवें मिनट में अमेरिका को पहली बार ऑल आउट कर जापान ने शुरुआती बढ़त हासिल कर ली। जापान ने पहले हाफ में अमेरिका को कोई मौका नहीं दिया। पहले हाफ में अमेरिका केवल 6 रेड प्वाइंट्स ही स्कोर कर सका। वहीं दूसरी तरफ जापान ने 15 रेड प्वाइंट्स और 8 टैकल प्वाइंट्स हासिल किए। पहले हाफ में जापान ने अमेरिका को दो बार ऑल आउट करने में सफल हुई। ब्रेक के समय स्कोर 29-6 था। पहले हाफ में ही जापान को निर्णायक 23 अंक की बढ़त हासिल हो गई थी।
दूसरे हाफ में अमेरिका ने वापसी करने की कोशिश की लेकिन उसकी कोशिश परवान नहीं चढ़ सकी।दूसरे हाफ में अमेरिकी टीम 10 रेड , 1 टैकल प्वाइंट सहित कुल 13 प्वाइंट हासिल कर सका। दूसरे हाफ में अमेरिकी टीम एक बार ऑल आउट हुई। जापानी टीम ने दूसरे हाफ में 16 अंक हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया। अंततः जापान ने अमेरिका को 45-19 के अंतर से मात दी। पहले ही मैच में 26 अंकों की बढ़त का फायदा जापान को निश्चित तौर पर मिलेगा। इस जीत के साथ ही जापान ग्रुप-बी में अंक तालिका में ईरान के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।