नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम के साइकिलिंग वेलोड्रोम में आयोजित ट्रैक एशिया कप के अंतिम दिन भारत ने दो स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य सहित कुल आठ पदक हासिल हुए। भारत ने तीन दिनों के इस इवेंट में कुल पांच स्वर्ण, चार रजत और सात कांस्य पदक सहित कुल 16 पदक जीते और पदक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया। हांगकांग ने 11 स्वर्ण सहित कुल 18 पदकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। 11 स्वर्ण के अलावा हांगकांग ने चार रजत और तीन कांस्य पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता में भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली देबोराह ने तीन स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया। उन्होंने शुक्रवार को अपनी अंतिम फर्राटा दौड़ के पहले दौर में 12.576 सेकेंड और दूसरे दौर में 12.493 सेकेंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। हांगकांग की झाउजुआन ने इस स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने पहले दौर में 12.820 सेकेंड और दूसरे दौर में 12.734 का समय निकाला। तीसरे स्थान पर मलेशिया की फारिना शावाटी रहीं। उन्होंने पहले और दूसरे दौर में क्रमश: 12.552 और 12.342 सेकेंड का समय निकाला।
महिलाओं की जूनियर फर्राटा दौड़ के फाइनल में भारत ने दो पदक अपने नाम किए। नयना राजेश ने दोनों दौर में 12.658 और 12.865 सेकेंड का समय निकालते हुए स्वर्ण जीता। वहीं अनु ने रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने पहले दौर में 12.764 सेकेंड और दूसरे दौर में 13.178 सेकेंड का समय निकाला।हांगकांग की होइ वाह ने पहले और दूसरे दौर में क्रमश: 3.644 और 13.300 सेकेंड का समय निकालते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। महिला वर्ग की टीम इलीट स्पर्धा में भारत ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता में एशिया के 12 देशों की टीमों ने भाग लिया था। मकाऊ, पाकिस्तान, नेपाल और श्रीलंका को एक भी पदक हासिल नहीं हुआ।
अंतिम पदक तालिका इस प्रकार है
देश स्वर्ण कांस्य रजत कुल
हांगकॉग 11 04 03 18
भारत 05 04 07 16
मलेशिया 03 04 02 09
कजाखस्तान 02 05 04 11
ताईवान 02 01 01 04
ईरान 01 02 01 04
उजबेकिस्तान 00 02 03 05
यूएई 00 02 02 04