
बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की 87वीं वार्षिक आम सभा में पूर्व भारतीय विकेटकीपर एमएसके प्रसाद को मुख्य चयनकर्ता चुना गया। वहीं अजय शिर्के को दोबारा सचिव चुना गया। शिर्के को निर्विरोध बोर्ड का सचिव चुना गया क्योंकि इस पद के लिए किसी और ने आवेदन नहीं किया था।
बैठक में नई पांच सदस्यीय चयनसमिति का चयन किया गया। इनमें एमएसके प्रसाद (दक्षिण क्षेत्र), पूर्व ऑफ स्पिनर सरनदीप सिंह (उत्तर क्षेत्र), गगन खोड़ा (मध्य क्षेत्र), देवांग गांधी (पूर्वी क्षेत्र), जतिन परांजपे (पश्चिमी क्षेत्र) शामिल हैं। गांधी, परांजपे और सरनदीप समिति में नए सदस्य हैं। प्रसाद, संदीप पाटिल की अध्यक्षता वाली समिति में भी शामिल थे। उन्होंने पाटिल की जगह ली है।
नई चयन समिति के पास कुल मिलाकर 44 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का अनुभव है। समिति के सभी सदस्यों ने कुल 13 टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं। भारतीय क्रिकेट टीम का चयन करने वाली नई चयन समिति के पास महज 13 टेस्ट खेलने का अनुभव है। कहीं यह अनुभवहीनता टीम पर भारी न पड़ जाए। चयन समिति के सदस्यों में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय अनुभव एमएसके प्रसाद के पास है। उन्होंने टीम इंडिया के लिए 6 टेस्ट और 17 एक दिवसीय मैच खेले हैं।
सदस्यों में सबसे कम अंतराष्ट्रीय अनुभव गगन खोडा के पास है। उन्होंने भारत के लिए एक भी टेस्ट नहीं खेला है। राजस्थान के इस क्रिकेटर ने केवल दो एकदिवसीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। देवांग गांधी ने भारत के लिए 4 टेस्ट खेले और 34 की औसत से 204 रन बनाए। उन्होंने टीम इंडिया के लिए 3 वनडे भी खेले हैं। जतिन परांजपे भी कभी भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं रहे। उन्होंने भारत के लिए 4 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
एम.एस.के. प्रसाद ने भारत के लिए 1998 एवं 2000 के बीच छह टेस्ट और 17 एकदिवसीय मैच खेले थे। 1998 में बांग्लादेश के खिलाफ एकदिवसीय मैच से उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। 1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। टेस्ट में वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके वहीं, वनडे में उनके नाम केवल एक अर्धशतक है। साल 2000 में उन्हें टेस्ट टीम से हटा दिया गया। इसके बाद उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में हिस्सा नहीं लिया। प्रसाद ने 96 प्रथम श्रेणी मैच खेले जिसमें उन्होंने 27.73 की औसत से 4,021 रन बनाए और विकेट के पीछे 266 शिकार किए। उन्होंने 88 लिस्ट-ए मैचों में 1,719 रन बनाए हैं। उन्हें 2007-2008 रणजी सत्र में आंध्र प्रदेश टीम का कप्तान बनाया गया था। 2008 में उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। 2015 में वह चयनसमिति का हिस्सा बने।
पूर्व गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद को राष्ट्रीय जूनियर टीम की चयनसमिति का अध्यक्ष बनाए रखा गया है। जूनियर चयन समिति में आशीष कपूर और अमित शर्मा को भी जगह मिली है।