मुंबई: भारतीय टेस्ट टीम के उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे शनिवार को बेटी के पिता बने हैं। अजिंक्य रहाणे की पत्नी राधिका धोपावकर ने बेटी को जन्म दिया। रहाणे इस समय दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापत्तनम में पहला टेस्ट खेलने में व्यस्त हैं और सुबह ही उन्हें यह खुशखबरी जानने को मिली।
अजिंक्य रहाणे ने 2014 में अपनी बचपन की दोस्त राधिका से शादी की थी। दोनों स्कूल में पहली बार मिले और इसके बाद से दोस्त रहे। फिर दोनों के माता-पिता ने मिलकर इनकी शादी कराई। टीम इंडिया के अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पर रहाणे को बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘अजिंक्य रहाणे और को पिता बनने पर ढेरो शुभकामनाएं। उम्मीद है कि मां और बेटी ठीक होंगे? अज्जू अब जिंदगी का मजेदार हिस्सा शुरू हुआ है।’
ध्यान देने वाली बात है कि अजिंक्य रहाणे उस स्पेशल क्लब का हिस्सा बने हैं, जिनकी बेटियां हैं। एमएस धोनी, हरभजन सिंह, सुरेश रैना, रोहित शर्मा और हनुमा विहारी भी वह क्रिकेटर हैं, जो बेटियों के पिता हैं।
बता दें कि अजिंक्य रहाणे इस समय टीम इंडिया के साथ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टेस्ट खेलने में व्यस्त हैं। मुंबई के बल्लेबाज को विश्व कप 2019 के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी। इसके बाद उन्होंने वेस्टइंडीज दौरे पर धमाकेदार वापसी करते हुए टेस्ट शतक जमाया और दो साल का सूखा खत्म किया।
रहाणे की कोशिश होगी कि वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में शतक जमाए ताकि अपनी बेटी के जन्म का दोहरा जश्न मना सके।